क्या ज़माना आ गया है, अब अपने ही अपनों के दुश्मन बनते जा रहे हैं। आज के युग में विश्वासघात की सीमा इस क़दर पार हाे गई है, कि अब अपने शब्द के कोई मायने नहीं रहे। रिश्तों में अब शक पैदा होने लगा है। हाल की घटी घटनाएं भी इसी की तरफ इशारा करती हैं। अब मेरठ की ही घटना को देख लीजिए, जहां अपने ही बेटे ने घर की चोरी करवा दी, जबकि पिता आशु शर्मा पूर्व रणजी खिलाड़ी हैं और इस समय रेलवे में कार्यरत हैं।
यह भी पढ़ें: राष्ट्रपति के अंगरक्षक को गोली मारकर हुए थे फरार, पुलिस मुठभेड़ में दोनों आरोपी गिरफ़्तार
मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र में घर से क़रीब 10 लाख 20 हज़ार रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने का मामला दर्ज हुआ था, जिसे पुलिस ने सिर्फ़ चार घंंटे में खुलासा कर दिया। इस मामले में घर का बेटा ही आरोपी निकला, जिसकी उम्र अभी महज 14 वर्ष ही है। पुलिस ने इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ़्तार किया है। चोरी में बेटे समर के अलावा रोहित उर्फ गबरू, ओम सरीन और अंकित शामिल थे।

मिली जानकारी के अनुसार पिता आशु शर्मा क्रिकेट से जुड़े होने के नाते बेटे समर को भी क्रिकेटर बनाना चाहते थेे,लेकिन बेटे को क्रिकेटर बनने की इच्छा नहीं थी। साथ ही पता चला है, कि पिता व बेटे में अक्सर अनबन होती रहती थी और पिता की डांट से परेशान बेटे ने अपने ही घर में चोरी की योजना बनाई थी। बेटे ने अपने 3 साथियों को अपने घर के ताले की चाबी दी थी, ताकि उसके साथी आसानी से उसके घर में दाखिल होकर और चोरी को अंजाम दे सकें। यही नहीं चोरी होने के बाद उसने फोन कर के खुद बताया था, कि घर की अलमारी खुली है और चोरी हुई है।
यह भी पढ़ें: अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती मौत मामला: आरोपी पति ने किया सरेंडर, 48 घंटे की रिमांड पर
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने CCTV और बेटे के दिए बयान की मदद से महज 4 घंंटे में ही चोरी का खुलासा कर दिया। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया, कि आरोपियों के कब्जे से 8 लाख 82 हजार 500 रुपये नकद और करीब 25 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण समेत अन्य सामान बरामद किए गए।





