प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, ग्रामीण विकास और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पद्मश्री डॉ. ललित पाण्डेय का 78 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनका उपचार बेस अस्पताल में चल रहा था, इस दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
बता दें, कि ललित पाण्डेय पंजाब और पश्चिमी बंगाल के पूर्व राज्यपाल स्व. बी डी पांडेय के बेटे थे और अल्मोड़ा के चम्पानौला मोहल्ला निवासी थे। उनके निधन से सामाजिक, शैक्षिक और पर्यावरणीय क्षेत्र को क्षति पहुंची है। उन्होंने पर्यावरण शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ ग्रामीण पुस्तकालय, बालवाड़ियों की स्थापना की। साथ ही उन्होंने महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में काम किया। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर तलाशने का काम किया।
पद्मश्री डॉ. ललित पाण्डेय के सामाजिक प्रयासों से प्रदेश के सैकड़ों गांवों और ग्रामीण समुदायों को लाभ मिला और उनके इसी समर्पन ज़मीनी स्तर पर उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए वर्ष 2007 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया। इसके अलावा उन्हें आईआईटी दिल्ली के विशेष पूर्व छात्र सम्मान से भी नवाजा गया था।





