- पत्थर से वार कर की हत्या
- पति शेयर ट्रेडिंग का करता था काम
राजधानी जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में गुरुवार रात हुई शर्मनाक घटना ने इंसानियत व विश्वास और अपनों के बीच के रिश्तों का गला घोंट दिया है। करधनी में पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और 3 बेटियों की पत्थर से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या करने के बाद भी आरोपी ने शुक्रवार की सुबह अपने पिता को चाय बनाकर पिलाया और उसके बाद घर से फरार हो गया। पिता को इस घटना के बारे में कुछ पता नहीं था, लेकिन जब पिता ने घर के कमरों में खून से लथपथ शव देखे, तब इस मामले का खुलासा हो सका।
यह भी पढ़ें: नीचता की पार होती हद : नोएडा में 6 साल की बच्ची की रेप के बाद हत्या, पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी की मौत
सोते समय घटना को अंजाम देने की आशंंका
DCP वेस्ट प्रशांत किरण ने इस बेहद शर्मनाक घटना पर कहा, कि गोविंद वाटिका इलाक़े में राहुल झा पर अपनी पत्नी गीता झा (40), बेटी नंदनी (22), राधिका (17) और गिरीश उर्फ गौरी (14) की हत्या करने का आरोप है। गीता का शव मकान की पहली मंजिल पर बने कमरे में, वहीं तीनों बेटियों के शव ग्राउंड फ़्लोर के दो अलग-अलग कमरों में मिले। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है, कि हत्या को रात में सोते समय अंजाम दिया गया है।
आरोपी राहुल झा सुबह पिता को चाय पिलाकर फ़रार
शुरुआती पूछताछ व प्रारंभिक जांच में पुलिस के मुताबिक़, आरोपी ने शुक्रवार सुबह क़रीब सात बजे दूध वाले से दूध लिया। इसके बाद उसने अपने पिता लक्ष्मीनाथ झा के लिए चाय बनाई और उन्हें चाय पिलाई। तैयार होने के बाद वह घर से निकल गया और इसके बाद वापस नहीं लौटा। पिता ने कमरों में खून देखा तो पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
यह भी पढ़ें: सुकांत घोष हत्याकांड: पहचान बदलकर गोरखपुर में छिपा था आरोपी, CBI ने किया गिरफ्तार
पत्नी करती थी बुटिक का काम
पूछताछ में बताया गया, कि राहुल झा शेयर ट्रेडिंग का काम किया करता था, वहीं उसकी पत्नी गीता झा मकान की पहली मंजिल पर बुटीक चलाती थी और तीनों बेटियां पढ़ाई कर रही थीं। सबसे बड़ी बेटी नंदनी पढ़ाई के साथ निजी नौकरी भी करती थी। आरोपी राहुल झा क़रीब 3 दिन पहले ही गुजरात से जयपुर अपने घर लौटा था। घटना की जानकारी मिलने पर रिश्तेदार और पड़ोसी मौक़े पर पहुंचे। पुलिस ने मौक़े से साक्ष्य जुटाए और चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। पुलिस हत्या के कारणों के साथ ही वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।





