- वर्ष 2019 से चल रहा है मनी लॉन्ड्रिंंग मामला
- पैन कार्ड मामले में हाल ही में मिली थी जमानत
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान इस समय संकट के दौर से गुजर रहे हैं और संकट कम होने के बजाए बढ़ता ही जा रहा है। गाजियाबाद की विशेष PMLA कोर्ट ने आजम खान की ED कस्टडी रिमांड मंजूर कर ली है। कोर्ट ने ED को चार दिन की कस्टडी दी है, जो 12 नवंबर शाम 4:30 बजे से 16 नवंबर शाम 4:30 बजे तक रहेगी। क़रीब एक सप्ताह पहले ही ED ने मनी लॉन्ड्रिंंग मामले में आजम खान को गिरफ़्तार कर लिया था।
यह भी पढ़ें: आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से नहीं मिली राहत, अब इलाहाबाद हाईकोर्ट में होगी सुनवाई

कोर्ट ने ED रिमांड क्यों जरूरी माना?
दरअसल यह मनी लॉन्ड्रिंंग का मामला वर्ष 2019 का है। जांच में 426.46 करोड़ रुपये के कथित वित्तीय घोटाले और सरकारी धन व संपत्तियों के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। कोर्ट ने मनी ट्रेल, वित्तीय लेन-देन और इस मामले में शामिल कई कंपनियों की भूमिका की जांच के लिए ED रिमांड को जरूरी माना है। साथ ही, कोर्ट ने रिमांड के दौरान आजम खान का नियमित मेडिकल परीक्षण कराने और उनके साथ किसी तरह की प्रताड़ना नहीं करने के निर्देश भी दिए हैं।
यह भी पढ़ें: समाजवादी पार्टी के नेता आज़म खान को लगा कोर्ट से झटका
दो पैन कार्ड मामले में मिली थी जमानत
क़रीब 6 महीने पहले रामपुर की MP-MLA कोर्ट ने आजम खान को दो पैन कार्ड बनवाने के मामले में 10 साल की सजा सुनाई थी। हाल ही में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने पैन कार्ड मामले में आजम खान को जमानत दी थी, लेकिन जमानत मिलते ही आजम खान को ED ने गिरफ़्तार कर लिया था। इससे नाराज़ होकर आजम खान ने सुनवाई के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई से इनकार कर दिया और मामले को इलाहाबाद हाईकोर्ट ट्रांसफर कर दिया था।





