सरकार ने कैंसर से पीड़ित रोगियों को बड़ी राहत दी है। अब कैंसर की महंगी दवाएं जल्द सस्ती होने की उम्मीद जताई जा रही है। बता दें, कि राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) ने हाल ही में 137 कैंसर दवाओं के अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) पर व्यापार लाभ की सीमा तय की है, जिससे इन दवाओं की कीमतों में कमी आएगी। सरकार के अनुसार, दवाओं की संशोधित कीमतें 9 नवंबर 2026 से लागू होंगी।
कैंसर का इलाज महंगा होने का मुख्य कारण महंगी-महंगी दवाएं हैं। इस राहत के बाद कैंसर की दवाएं बहुत सस्ती हो जाएंगी, जिसके बाद आम आदमी कैंसर का इलाज कराने में सक्षम होगा। कैंसर की दवा महंगी होने के चलते ग़रीब व मध्यमवर्गीय परिवार के ऊपर कैंसर के इलाज का आर्थिक बोझ बढ़ जात था, लेकिन दवा सस्ती होने से अब इलाज में भारी बचत होगी।
इस राहत की भरी ख़बर से 76 दवा कंपनियों ने 121 दवाओं के अंतर्गत आने वाली कैंसर रोधी दवाओं के 1,225 फॉर्मूलेशन के संशोधित MRP की जानकारी दी है, वहीं कैंसर रोधी दवाओं के 1,031 फॉर्मूलेशन में MRP में कमी दर्ज की गई है। साथ ही 600 ब्रैंड्स की दवाओं की कीमतों में 50 प्रतिशत से अधिक की कमी दर्ज की गई है, वहीं अधिकतम कमी 96.45 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई है। इसके अतिरिक्त चिह्नित 137 कैंसर रोधी दवाओं में से 10 से 15 दवाएं ऐसी हैं, जिन्हें अभी भारत में बाजार में उतारा जाना बाकी है। हालांकि इन दवाओं के बाजार में आने पर भी व्यापार मार्जिन युक्तिकरण लागू होगा।




