- तिब्बत और चीन में ज़्यादा भूकंप के झटके
- भारत के अलावा पाकिस्तान व अफगानिस्तान पहुंचा भूकंप
तिब्बत में 7.0 तीव्रता का भूकंप आया है, जो पिछले 5 वर्षों में सबसे बड़ा भूकंप आया है। ख़बर है, कि इस भूकंप में अब तक क़रीब 16 लोगों की मौत हो चुकी है। भारत के राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, 22 अक्टूबर की रात 8 बजकर 3 मिनट पर तिब्बत में 7.0 तीव्रता का भूकंप आया, जिसकी गहराई 15 किलोमीटर थी। तिब्बत में आए भूकंप के बाद आसपास के क्षेत्रों और देशों में भी एक के बाद एक झटके महसूस किए गए।
यह भी पढ़ें: “वेनेजुएला में दोहरे भूकंप का कहर, इमारतें ध्वस्त, सैकड़ों हताहत”
तिब्बत और चीन में रातभर भूकंप के झटके
तिब्बत में भूकंप के झटकों के बाद चीन और तिब्बत में कई झटके दर्ज किए गए। रात 8 बजकर 29 मिनट पर चीन में 5.2 तीव्रता, 8 बजकर 42 मिनट पर तिब्बत में 5.0 तीव्रता, वहीं रात 9 बजकर 9 मिनट पर 5.0 तीव्रता का भूकंप आया। NCS के मुताबिक, 23 अक्टूबर को आधी रात के बाद भी चीन व तिब्बत में भूकंप के झटके दर्ज किए गए। बता दें, कि रात 12 बजकर 1 मिनट पर तिब्बत और 12 बजकर 35 मिनट पर चीन में 4.3 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसके बाद सुबह 2 बजकर 6 मिनट पर चीन में एक बार फिर 4.5 तीव्रता का भूकंप आया।
तिब्बत और चीन में सुबह भी कांपी धरती
तिब्बत व चीन में झटके यहीं तक नहीं रुके, इसके बाद सुबह 5 बजकर 54 मिनट पर तिब्बत में फिर 4.4 और 6 बजकर 5 मिनट पर चीन में 4.4 तीव्रता का भूकंप आया। NCS के अनुसार, इन घटनाओं की गहराई अलग-अलग थी। अभी इन झटकों को तिब्बत में आए मुख्य भूकंप का आफ्टरशॉक मानने की पुष्टि नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें: 7.4 तीव्रता के भूकंप से दहला कोलंबिया
लद्दाख और अरुणाचल प्रदेश तक पहुंचा भूकंप
भूकंप सिर्फ़ चीन व तिब्बत तक सीमित नहीं रहा। इनके अलावा लद्दाख और अरुणाचल प्रदेश के आसपास भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। रात 9 बजकर 15 मिनट पर हानले, लद्दाख से 673 किलोमीटर पूर्व-उत्तर-पूर्व में 5.0 तीव्रता का भूकंप आया। इसी दौरान रात 9 बजकर 27 मिनट पर पांगिन, अरुणाचल प्रदेश से 498 किलोमीटर उत्तर-उत्तर-पश्चिम में 5.0 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसके बाद 4.8, 4.6, 4.9 और 4.7 तीव्रता के कई भूकंप के झटके आए।
यह भी पढ़ें: इंडोनेशिया में 7.7 तीव्रता के भूकंप से दहशत
म्यांमार, पाकिस्तान और अफगानिस्तान में भी भूकंप
इसके अलावा, म्यांमार में मणिपुर के उखरुल के पास 3.5 और 3.3 तीव्रता के भूकंप आए, वहीं हिमाचल प्रदेश में शिमला के पास 2.7 तीव्रता का झटका महसूस किया गया। इसके अलावा पाकिस्तान में 4.9 और अफगानिस्तान में 4.1 तीव्रता के भूकंप भी दर्ज किए गए।





