- कालाबाज़ारी से लगातार निपट रही है सरकार
- देश में गैस की पर्याप्त मात्रा
पूरी दुनिया प्रभावित है युद्ध से
जबसे पश्चिम एशिया में महासंग्राम शुरू हुआ है। तब से पूरी दुनिया इससे प्रभावित है। हर तरफ़ बस अर्थव्यवस्था, कच्चे तेल और LPG गैस की चर्चा हो रही है। इस महासंग्राम में इज़रायल और अमेरिका मिलकर ईरान पर हमला कर रहे हैं, वहीं ईरान भी पीछे नही हट रहा है और वह इज़रायल व अमेरिका को निशाना तो बना ही रहा है, वहीं खाड़ी देशों की तेल रिफ़ाइनरी पर बमबारी कर रहा है। इससे तेल के उत्पादान में लगातार कमी आई है और र्स्टेट ऑफ़ होर्मुज का रास्ता बंद होने से तेल की आपूर्ति नहीं हो पा रही है।
यह भी पढ़ें: “ईस्ट एशिया महासंग्राम की कहानी: ईरान का अमेरिका और इज़रायल पर हमला”

भारत कभी युद्ध नहीं चाहता
ऐसे में भारत भी इस युद्ध से पैदा होने वाले संकट से कैसे अछूता रह सकता है, लेकिन भारत कभी भी युद्ध नहीं चाहता, वह हमेंशा से शांति के पथ पर चल कर हल निकालने वाला देश रहा है। इस महासंग्राम में भी यही भूमिका भारत निभा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार इस युद्ध पर नज़रें बनाए हुए हैं और उनकी इस युद्ध को लेकर फ़ोन पर बातचीत जारी है। वो लगातार हल ढूंडने में लगे हुए हैं।
गैस के दाम और बुकिंग अवधि बढ़ने से पैदा हुई चिंता
इसी बीच एलपीजी की कमी का मुद्दा पूरे देश में गरमा गया, लेकिन सरकार शुरू से कहती आई है, कि देश में गैस की कोई कमी नही है, इसलिए चिंता की कोई बात नहीं, लेकिन जिस तरह अचानक युद्ध के दौरान गैस के दाम बढ़े और बुकिंग की अवधि को बढ़ा दिया गया, इससे जनता के मन में चिंता पैदा होना लाज़मी था और अचानक से हर गैस एजेंसी के आगे लंबी क़तारें लगना शुरू हो गई। विपक्ष ने भी एलपीजी गैस को लेकर सवाल उठाना शुरू कर दिया और कहा, कि सरकार को इसके इंतज़ाम पहले से करने चाहिए थे। सरकार इस बीच लगातार शांति से काम ले रही है और लोगों से भी शांति बनाए रखने के लिए कह रही है। सरकार ने यह आश्वासन दिया है, कि पहले की तरह ही बुकिंग के दो से तीन दिन के अंदर गैस मिल जा रहा है।
यह भी पढ़ें: “ईस्ट एशिया महासंग्राम की कहानी: मोजतबा ख़ामेनेई को बनाया लीडर, युद्ध लंबा चलने का डर’’

गैस की कालाबाज़ारी
हां, इससे इंकार नहीं किया जा सकता, कि ऐसी स्थिती में पैसा कमाने के लिए कुछ लोग गैस की कालाबाज़ारी करने पर उतर आए हैं, क्योंकि ये लोग ऐसे ही अवसर की तलाश करते हैं, जहां मनमाने ढंग से पैसा कमाया जा सके। यहीं कारण है, कि 1,000 के अंदर मिलने वाले गैस 1,500 से 2,000 रुपये तक बेचे जा रहे हैं और दुर्भाग्य की बात है, कि हम ही इस कालाबाज़ारी को बढ़ावा दे रहे हैं और 2,000 रुपये देने के लिए भी तैयार हैं। जबकि देश में गैस सही मात्रा में उपलब्ध है, लेकिन देश में इस तरह के भ्रम पैदा किए जा रहे हैं, कि आने वाले दिनों में सिलेंडर मिलना मुश्क़िल हो जाएगा, इसलिए अभी जितनी जल्दी हो सके गैस अपने घर में ख़रीद कर रख लें और ऐसे में किसी को दो-चार गैस मिल जा रहे हैं, वहीं किसी को एक गैस लेने के लिए जूझना पड़ रहा है।

बता दें, कि देश के हर राज्य में गैस की कालाबाज़ारी को रोकने के लिए प्रशासन सख़्त है और देश के कई राज्यों व शहरों में गैस की कालाबाज़ारी करते हुए लोग पकड़े गए हैं और कार्रवाई की जा रही है। कालाबाज़ारी रुक जाने से गैस की उपलब्धता बढ़ जाएगी।
देश में गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध: हरदीप सिंह पुरी
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा, कि देश में कच्चे तेल की स्थिति बिल्कुल ठीक है और एलपीजी की आपूर्ति में कोई कमी नहीं है और एलपीजी सिलेंडरों की बुकिंग से डिलीवरी तक के दो से ढाई दिन के समय में कोई बदलाव नहीं हुआ है और गैस सही समय पर मिल रहा है। उन्होंने कहा, कि सरकार की प्राथमिकता 33 करोड़ परिवार और विशेष रूप से ग़रीब और वंचित वर्गों को निर्बाध एलपीजी आपूर्ति करना है।

क्या कहा प्रधानमंत्री ने?
इसे लेकर प्रधानमंत्री ने देश की जनता से अपील की है, कि वह भ्रम फ़ैलाने वालों से बच कर रहें। उन्होंने कहा, कि कुछ लोग समय को देखते हुए फ़ायदा उठाने की कोशिश कर कालाबाज़ारी करने पर उतारू हो गए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, कि पश्चिम एशिया में पैदा हुए संकट से कोई भी देश बचा नहीं है, लेकिन भारत सरकार लगातार ऊर्जा को सुरक्षित रखने का लगातार प्रयास कर रही है, ताक़ि देश के हर नागरिक को किसी प्रकार की दिक़्क़त ना हो। नरेंद्र मोदी ने कहा, कि ऐसे संकट की घड़ी में राजनीति नहीं होनी चाहिए, बल्कि ऐसे समय से निपटने के लिए सबकी ज़िम्मेदारी बढ़ जाती है। वो चाहे राजनीति से जुड़ा हो, मीडिया हो, शहर से लेकर गांव तक और आज के युवाओं की भी चुनौती से लड़ने की ज़िम्मेदारी बढ़ जाती है। प्रधानमंत्री ने कहा, कि युद्ध के कारण पैदा हुए संकट के बाद भी आज दुनिया की नज़रे भारत पर बनी हुई हैं और जिस तरह से भारत आगे बढ़ रहा है पूरी दुनिया भारत को एक उम्मीद से देखती है।

दिल्ली में एलपीजी की आपूर्ति सामान्य: रेखा गुप्ता
दिल्ली में एलपीजी, पेट्रोल, डीज़ल और पीएनजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोगों को आश्वस्त किया है, कि दिल्ली सरकार स्थिति पर लगातार निगरानी रखे हुए है और कहा, कि लोगों को इसके लिए परेशान होने की बिल्कुल भी ज़रूरत नहीं है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है, कि भ्रम फ़ैलाने वालों पर ध्यान न दें और अनावश्यक ख़रीदारी से बचें। साथ ही उन्होंने हिदायत दी, कि जमाखोरी या कालाबाज़ारी के किसी भी प्रयास पर सख़्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कड़े निर्देश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन को सख्त निर्देश देते हुए कहा है, कि गैस की किल्लत की अफवाहें फ़ैलाकर इसकी आड़ में जमाखोरी व कालाबाज़ारी करने वालों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा, कि प्रदेश में कपेट्रोल-डीजल व घरेलू गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं, कि पेट्रोल-डीज़ल व गैस आपूर्ति पर लगातार नज़र रखी जाए और किसी भी प्रकार की रुकावट पैदा होने पर तुरंत कार्रवाई की जाए। इस निर्देश के बाद प्रदेश के हर ज़िलों में अधिकारियों द्वारा पेट्रोल-डीज़ल स्टेशनों और गैस एजेंसियों के निरीक्षण का काम किया जा रहा है।



