- बिहार नंबर की बस नोएडा से जा रही थी आगरा
- लोगों ने कूदकर बचाई अपनी जान
एक बार फिर बस में आग लगने की घटना सामने आई है। पिछले कुछ वर्षों में बस में आग लगने से कई लोगों की मौत हो चुकी है। बावजूद इसके बस में आग लगने के हादसे नहीं रुक रहे। इसी बीच नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक और दर्दनाक घटना घटी, जहां स्लीपर AC बस भीषण आग की चपेट में आ गई। यह बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना है। पहले बस में आग लगने जैसी घटनाएं, ना के बराबर सुनाई देती थीं, लेकिन जिस तरह से ऐसी घटनाएं बढ़ती जा रहीं है, अब लगता नहीं, कि बस ट्रैवल के लिए सुरक्षित है।
यह भी पढ़ें: हादसों का शहर बनती दिल्ली: आख़िर क्यों नहीं रुक रहे दर्दनाक हादसे?
बस में सवार थे 35 यात्री
उत्तर प्रदेश के नोएडा में बुधवार रात क़रीब 11:30 बजे जेवर एयरपोर्ट से 500 मीटर दूर यमुना एक्सप्रेस-वे पर स्लीपर AC बस में आग लगने से 9 यात्रियों की मौत हो गई, जिसमें 8 पुरुष और एक महिला शामिल हैं। बस में कुल 35 यात्री सवार थे। आग लगने के बाद 20 लोंगों को रेस्क्यू किया गया, जबकि कुछ यात्री खिड़कियां तोड़कर बाहर निकल गए। बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से रात 9:30 बजे महोबा के लिए निकली थी। एसी में ब्लास्ट की आशंका है। शव बुरी तरह जल गए हैं। अभी तक उनकी पहचान नहीं हो पाई है।
यह भी पढ़ें: खाली ज़मीनों पर फ़्लैट्स छू रहे आसमान, लेकिन छात्रों के लिए हॉस्टल नहीं; सत्य निकेतन हादसे ने सरकार पर उठाए बड़े सवाल
मौक़े पर 9 यात्रियों की जलकर मौत
सूचना मिलने पर पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। पुलिस के मुताबिक़, हादसा जेवर कोतवाली क्षेत्र में दयानतपुर गांव के पास बुधवार रात हुआ। बिहार नंबर की स्लीपर बस नोएडा से आगरा की ओर जा रही थी। दयानतपुर गांव के पास अचानक बस में आग लग गई। चालक ने किसी तरह बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोक दिया। आग तेजी से फैलने के कारण यात्रियों ने बाहर निकलने का प्रयास किया। कई यात्रियों ने बस की खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई। दुख की बात रही, कि आग की चपेट में आने से 9 यात्रियों की मौक़े पर ही जलकर मौत हो गई। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है। अभी बस में आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।




