- ख़ुद को बताता था RAS और IAS अधिकारी
- नाबालिग छात्राओं का करता था शोषण
आरोपी के पास था फ़र्ज़ी पहचान पत्र और लाल पट्टी लगी गाड़ी
राजस्थान के जोधपुर से आई एक ख़बर ने हमारे समाज में सुरक्षा को लेकर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं। जोधपुर पुलिस ने एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ़्तार किया है, जो ख़ुद को राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) और IAS अधिकारी बताकर नाबालिग छात्राओं का शारीरिक व मानसिक शोषण करता था। इस आरोपी के पास फ़र्ज़ी पहचान पत्र और लाल पट्टी लगी गाड़ी भी थी, जिससे वह नाबालिग छात्राओं को झांसे में लेता था।
यह भी पढ़ें: बारुईपुर गैंगरेप केस: इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात, बेटियों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
कोचिंग सेंटरों व लाइब्रेरी के पास घूमता था आरोपी
पुलिस के अनुसार, आरोपी का नाम उम्मेदाराम बिश्नोई (47) है, जो फलोदी का रहने वाला है। आरोपी अपना नाम राज उदावत उर्फ़ अक्की बताता था और अपनी गाड़ी पर लाल पट्टी लगाकर घूमता कोचिंग सेंटरों व लाइब्रेरी के आसपास घूमकर नाबालिग छात्राओं को निशाना बनाता था और उन्हें बोर्ड परीक्षा में नंबर बढ़वाने, सरकारी नौकरी दिलवाने तथा एयर होस्टेस बनवाने के झूठे झांसे देता था।
यह भी पढ़ें: मथुरा में फ़र्जी फ़ौजी बनकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी पवन कुमार मुठभेड़ में गिरफ्तार
छात्राओं ने दिखाई हिम्मत
छात्राएं कभी इसके ख़िलाफ़ आवाज़ उठाने के लिए हिम्मत नहीं जुटा पाती थी, लेकिन हाल ही में मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित पुलिस-छात्र संवाद कार्यक्रम के बाद पीड़ितों ने हिम्मत दिखाई और सीधे पुलिस कमिश्नर से शिकायत कर दी। इसके बाद इस शातिर को पकड़ने के लिए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। आरोपी अब पुलिस की गिरफ़्त में है और इस पर पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत दो मामले दर्ज किए गए हैं और एक मामला अजमेर फॉरवर्ड किया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।





