- असीम मंडल CPI (माओवादी) की केंद्रीय समिति का सदस्य था
- झारखंड और ओडिशा सरकार ने रखा था इनाम
पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फ़ोर्स (STF) ने शीर्ष माओवादी नेता असीम मंडल उर्फ़ आकाश को पूर्व मेदिनीपुर ज़िले के पटाशपुर इलाक़े से गिरफ़्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक़, असीम मंडल CPI (माओवादी) की केंद्रीय समिति का सदस्य और पश्चिम बंगाल राज्य समिति-1 का सचिव बताया जाता है।
यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में माओवादी लीडर प्रभाकर और पत्नी को 7-7 साल की सजा
55 मामलों में मोस्ट वॉन्टेड
असीम मंडल पर झारखंड और ओडिशा में कुल 2 करोड़ 20 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इसमें झारखंड सरकार की ओर से 1 करोड़ रुपये और ओडिशा सरकार की ओर से 1 करोड़ 20 लाख रुपये का इनाम रखा गया था। असीम मंडल पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा में क़रीब 55 मामलों में मोस्ट वॉन्टेड बताया जाता है।

माओवादी गतिविधियों में था सक्रिय
पश्चिम मेदिनीपुर के चंद्रकोना क्षेत्र का रहने वाला असीम मंडल लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर था। वह झारखंड के सारंडा समेत माओवादी गतिविधियों वाले क्षेत्रों में सक्रिय रहा है। उसकी गिरफ़्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां उससे जुड़े मामलों और माओवादी नेटवर्क को लेकर आगे की जांच कर रही हैं।
सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ का मामला
असीम मंडल के ख़िलाफ़ दर्ज मामलों में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ और अन्य हिंसक घटनाओं से जुड़े मामले भी शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के आधार पर वर्ष 2018 से 2026 के बीच झारखंड के अलग-अलग इलाकों में सुरक्षा बलों के साथ हुई कई मुठभेड़ों में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: हजारीबाग-चतरा के मुठभेड़ में मारा गया 15 लाख रुपए का ईनामी नक्सली शहदेव महतो
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने क्या कहा?
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता पुलिस STF की कार्रवाई की सराहना की है। उन्होंने कहा, कि राज्य में माओवादी नेटवर्क को दोबारा सक्रिय करने या उसका विस्तार करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
माओवादी नेटवर्क पर कार्रवाई तेज़
असीम मंडल की गिरफ़्तारी ऐसे समय हुई है जब झारखंड और आसपास के इलाकों में माओवादी गतिविधियों के ख़िलाफ़ सुरक्षा बलों की कार्रवाई जारी है। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक़, शीर्ष कैडर की गिरफ़्तारी और आत्मसमर्पण से संगठन की गतिविधियों पर असर पड़ रहा है। असीम मंडल की गिरफ़्तारी के बाद अब सुरक्षा एजेंसियों का फ़ोकस उसके नेटवर्क, संपर्कों और उससे जुड़े मामलों की जांच पर है। इससे विभिन्न राज्यों में सक्रिय माओवादी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी मिलने की संभावना है।






