- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया विपक्ष को करारा जवाब, कहा इनके पास ना सोच है, ना विज़न है और ना इच्छा शक्ति
राज्यसभा में अभिभाषण में चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री ने लोकसभा में विपक्ष द्वारा किए गए बर्ताव पर कहा, कि यह राष्ट्रपति जैसे सर्वोच्च पद का अपमान है। राष्ट्रपति एक ग़रीब परिवार से आई महिला हैं। कांग्रेस ने ग़रीबों का अपमान किया है। आदिवासी समाज का और महिलाओं का अपमान किया है। उन्होंने कहा, कि लोकतंत्र के मंदिर संसद में गद्दार शब्द का इस्तेमाल किया गया। ये बेहद निराशाजनक है। सिखों को गद्दार कहा गया और ये दर्शाता है, कि कांग्रेस पार्टी सिखों से कितना नफ़रत करती है।
पूराने प्रधानमंत्रियों पर कसा तंज
नरेंद्र मोदी ने कहा, कि पहले जितने भी प्रधानमंत्री हुए कांग्रेस पार्टी में उनके द्वारा लाल किले से दिए गए भाषणों का अगर विश्लेषण किया जाए, तो आपको पता चलेगा, कि कांग्रेस के पास ना कोई सोच थी, ना कोई विज़न था और ना कोई इच्छा थी। अगर ऐसा होता, तो देश का यह हाल नहीं होता। प्रधानमंत्री ने कहा, कि इन लोगों ने विश्व पटल पर देश की ऐसी छवि बनाकर रखी थी, जिसे धोने में मेरी पूरी ताक़त लगती है। विपक्ष को लेकर नरेंद्र मोदी ने कहा, कि कांग्रेस हो, टीएमसी हो, डीएमके हो या लेफ़्ट की पार्टी ये इतने वर्षों तक सत्ता में रहे, इस वजह से संसद में इनके चर्चा करने का स्तर बहुत ऊंचा होना चाहिए था, लेकिन इन्होंने यह मौक़ा भी गवां दिया है।

टीएमसी को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा, कि यह एक निर्मम सरकार है और ऐसी सरकार में लोगों का भविष्य हमेशा अंधकार में रहेगा। यह ऐसी सरकार है, जो घुसपैठियो को बचाने में लगी है, उन्हें बचाने के लिए अदालत-अदालत खेल रही है। ये घुसपैठिये हमारे युवाओं का हक़ छीन रहे हैं, आदिवासियों की ज़मीन छीन रहे हैं। महिलाओं के साथ अत्याचार कर रहे हैं। आप सरकार को लेकर उन्होंने कहा, कि यह शराब में डूबी हुई सरकार हमसे जवाब मांग रही है, जिसके शीश महल ने लोगों के घरों में नफ़रत फ़ैलाने का काम किया। इन विपक्षी दलों ने अटकाना, लटकाना और भटकाना वाली कार्यशैली अपना रखी है।
नरेंद्र मोदी ने कहा ये 21वीं सदी का भारत है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, कि यह 21वीं सदी का विकसित भारत है, जिस तरह 21वीं सदी के पहले क्वॉर्टर में देशवासियों ने देश को आगे बढ़ते देखा, उसी तरह 21वीं सदी का दूसरा क्वॉर्टर भी भारत के निर्माण में सामर्थ्यवान होने वाला है। राष्ट्र का हर व्यक्ति यह महसूस कर रहा होगा, कि अब हम एक अहम पड़ाव पर पहुंच चुके हैं। अब ना हमें रुकना है, ना पीछे हटना है और लक्ष्य को प्राप्त करके हमें सांस लेनी है। उस दिशा में हम आगे बढ़ चुके हैं। उन्होंने कहा, कि आज विश्व का समृद्ध से समृद्ध देश बुजुर्ग होता जा रहा है। वहां की आबादी उम्र के उस पड़ाव में पहुंच गई है, जिसे हम बुजुर्ग कहते हैं। हमारा देश विकास की नई ऊंचाईयां छू रहा है और हर दिन युवा होते जा रहा है। ये अपने आप में एक बहुत अच्छा संयोग है।

प्रधानमंत्री ने कहा, कि जिस तरह विश्व का भारत देश पर आकर्षण बढ़ा है, अब विश्व भारत के योग्यता को समझने लगा है। आज हमारा देश योग्यताओं से भरा हुआ देश है। यहां एक युवा टेलेंट पुल है, जिसके पास सपने भी हैं, संकल्प भी है और सामर्थ्य भी है। भारत आज चुनौतियों का समाधान देने वाला देश है, जो दुनिया के लिए आशा की किरण बना हुआ है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जवाब देना पड़ेगा
हाल ही में हुए ट्रेड डील को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, कि अर्थव्यवस्था में भारत बहुत तेज़ी से आगे बढ़ता हुआ देश है। 2014 में जब देश की जनता ने हमें सेवा करने का अवसर दिया, तब देश की हालत बहुत ख़राब थी, लेकिन आज बड़े-बड़े देश भारत से हाथ मिलाना चाहते हैं। मित्र और बंधु के रूप में भारत आज विश्व का पार्टनर बना हुआ है और विश्व के साथ कंधा से कंधा मिलाकर विश्व कल्याण में अपनी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने विपक्ष को कहा, कि उन्हें जवाब देना होगा, कि देश की ऐसी हालत बनाकर क्यों रखा गया था। आख़िर क्यों कोई देश यहां डील करने नहीं आता था? हम रिफ़ॉर्म, परफ़ॉर्म और ट्रांसफ़ॉर्म के मंत्र को लेकर आगे बढ़े और आज स्थिती ऐसी हो गई है, कि देश रिफ़ॉर्म एक्सप्रेस पर सवार है।

ट्रेड डील हमारे नौजवानों की जीत
मदर-ऑफ़-ऑल-डील्स को लेकर नरेंद्र मोदी ने कहा, कि ये हमारे देश के नौजवानों की जीत है। हमारे छोटे किसानों की जीत है, हमारे एमएसएमई और मैन्यूफ़ैक्चरिंग की जीत है। एमएसएमई की तारीफ़ करते हुए उन्होंने कहा, कि हमारा देश हो सकता है हवाई जहाज नहीं बनाता, लेकिन उसमें लगने वाले छोटे-छोटे पार्ट्स मेरे एमएसएमई बना रहे हैं। ट्रेड डील से आज विश्व का भारत पर भरोसा बढ़ा है। उन्होंने कहा, कि मैं जब नौजवानों की बात करता हूं, तो मैं नौजवान शहर, गांव, मध्यम वर्ग, बेटा और बेटी सबकी बात करता हूं। विपक्ष उसे टुकड़ों में ना बाटें। नौजवानों का हौसला बढ़ाते हुए कहा, कि मै आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा हूं।
इंडिया मिस द बस
एक ज़माना था जब यह कहा जाता था, कि इंडिया मिस द बस, लेकिन आज भारत पूरे विश्व के साथ प्रतिस्पर्धा कर रहा है। विश्वपटल पर भारत आज एक बुलंद आवाज़ बन गया है, जिससे बड़े-बड़े देश जुड़ना चाहते हैं, वो यहां के युवा टेलेंट से इतना प्रभावित हैं, कि आज दुनिया को कहना पड़ रहा है, कि हमें देर ना हो जाए। प्रधानमंत्री ने कहा, कि आज हमारी क्वॉलिटी इतनी बढ़ियां है, कि हर तरफ़ मेंड इन इंडिया की चर्चा है और यह क्वॉलिटी बनी रहनी चाहिए, जिससे विश्व भारत से डील करता रहे।
यह भी पढें:
फ़िल्मी दुनिया के ख़ामोश अंधेरे को बयां करता अरिजीत सिंह का सन्यास
भारत-अमेरिका ट्रेड डील- ‘आत्मविश्वास में होती है शक्ति’
इतिहास में याद रखी जाएगी 27 तारिख़ और 27 देश, अमेरिका को रास नहीं आई डील



