- भारी बर्फ़बारी के बाद बंद हो गया था रास्ता
- दोबारा खोलने के लिए प्रशासन ने दिए निर्देश
शिमला, चंबा: मशहूर और खूबसूरत पर्यटन स्थलों में से एक पधरी जोत को जल्द ही पर्यटकों के लिए दोबारा खोल दिया जाएगा। भारी बर्फ़बारी के कारण यह रास्ता कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया था, जिससे पर्यटकों की आवाजाही ना के बराबर हो गई थी। अब सलूणी प्रशासन ने मार्ग को जल्द बहाल करने के लिए लोक निर्माण विभाग को ज़रूरी निर्देश जारी कर दिए हैं।
प्रशासन ने कहा, कि पधरी जोत क्षेत्र अपनी प्राकृतिक सुंदरता और बर्फ़ से ढकी वादियों के कारण पर्यटकों के बीच बहुत मशहूर है। ऐसे में सड़क बंद रहने से पर्यटन गतिविधियां प्रभावित हो रही थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए मार्ग बहाली का काम तेज़ी से किया जा रहा है, जिससे पर्यटक फिर से इस सुंदर वादियों का आनंद ले सकें।
लोक निर्माण विभाग के माध्यम से सड़क बहाली का काम तेजी से सम्पन्न किया जा रहा है। विभाग की टीम ने लंगेरा से काफ़ी आगे तक सड़क को खोल दिया है और बचे हुए मार्ग को भी बहुत जल्द बहाल कर दिया जाएगा। उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में पधरी जोत तक पूरा रास्ता साफ़ कर दिया जाएगा, जिससे स्थानीय निवासी और पर्यटकों को राहत के साथ-साथ सुकून भी देगा।
प्रशासन का कहना है, कि सड़क खुलने के बाद इस क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां एक बार फिर रफ़्तार पकड़ेंगी और स्थानीय लोगों को भी इसका ज़्यादा से ज़्यादा लाभ मिलेगा।



