- मुख्य आरोपी नंदन यादव गिरफ़्तार
- 3 आरोपी नाबालिग और 2 की उम्र 35 से 40 वर्ष
बिहार के जमुई में नाबालिग से छेड़खानी मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। वायरल वीडियो के आधार पर शुरू हुई जांच के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी नंदन यादव को गिरफ़्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मड़वा पहाड़ी इलाक़े में घेराबंदी के दौरान हुई कार्रवाई में नंदन यादव के पैर में गोली लगी, जबकि एक अन्य आरोपी के पैर में चोट आई। दोनों को इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल ले जाया गया।
यह भी पढ़ें: बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा से बदसलूकी, सवाल- आख़िर कब बदलेगी ऐसी मानसिकता?
कोचिंग से लौट रहे थे छात्र-छात्रा
यह मामला 19 सितंबर की शाम जमुई के मड़वा पहाड़ी इलाके के पास का है। आरोप है, कि कोचिंग से लौट रहे 10वीं के एक छात्र और छात्रा को कुछ युवकों ने रोक लिया और उनके साथ बदसलूकी और मारपीट की। इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।
आरोपियों तक पहुंचने के लिए SIT का गठन
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की गिरफ़्तारी के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। पुलिस ने जिले के अलग-अलग संभावित ठिकानों पर छापेमारी की और वायरल वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने बताया, कि मुख्य आरोपी नंदन यादव घटना के बाद से फरार था और उसकी गिरफ़्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। इसके बाद मंगलवार को उसके ठिकाने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
पकड़े गए 8 आरोपी
पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक 8 आरोपियों को गिरफ़्तार किया जा चुका है। इनमें 2 आरोपियों की उम्र 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है, जबकि 3 आरोपी नाबालिग हैं। इसके अलावा वीडियो वायरल करने के मामले में तीन आरोपियों की गिरफ़्तारी भी की गई है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिया भरोसा
बिहार सरकार ने मामले में दोषियों के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, कि बेटियों की सुरक्षा से जुड़ी ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मामले में शामिल सभी दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ़ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। जमुई मामले में पुलिस की जांच और कार्रवाई जारी है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के साथ मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।




