- 107 रनों से जीता वेस्टइंडीज
- 20 ओवर में बनाए 254 रन
मुंबई में खेले गए वेस्टइंडीज बनाम ज़िम्बाब्वे के मैच में आज वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने छक्कों की बारिश कर दी। मुंबई के मैदान में सिर्फ़ एक ही आंधी चल रही थी और वो थी चौके-छक्के की। ये आंधी इतनी तेज़ थी, कि ज़िम्बाब्वे उसके सामने टिक नहीं पाया। बल्ला हो चाहे गेंद वेस्टइंडीज दोनों में हावी रहा।

ज़िम्बाब्वे का ग़लत फ़ैसला
विश्वकप के इस मुक़ाबले में ज़िम्बाब्वे ने टॉस तो जीत लिया, लेकिन फ़ैसला सही नहीं ले पाई और गेंदबाजी का निर्णय लिया, जो पूरी तरह से ग़लत साबित हुआ। वेस्टइंडीज ने ताबडतोड़ बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 254 रन बना डाले और विश्व कप के सुपर 8 जैसे बड़े मंच पर ज़िम्बाब्वे को पहले ही हताश कर दिया।
छाय रहे हेटमायर
वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी में हेटमायर छाय रहे और उनका बख़ूबी साथ दिया रोवमैन पॉवेल ने। हेटमायर ने मात्र 34 गेंद में खेली गई 85 रन की शानदार पारी में 7 छक्के और 7 चौके लगाए। रोवमैन पॉवेल ने 35 गेंदों में 59 रन की पारी खेली, जिसमें उन्होंने 4 चौके और 4 छक्के लगाए। इसके अलावा रदरफ़ोर्ड ने 31, शैफ़र्ड ने 21 और जेसन होल्डर ने 4 गेंदों में 13 रन की पारी खेली।

वेस्टइंडीज के गेंदबाज रहे हावी
255 जैसे पहाड़ लक्ष्य का पीछा करने उतरी ज़िम्बाब्वे की बल्लेबाजी भी वेस्टइंडीज के गेंदबाजों के सामने कुछ ख़ास नहीं कर पाई और पूरी टीम 17.4 ओवर खेलकर 147 रन पर सिमट गई। सभी बल्लेबाजों ने कोशीश की, लेकिन बड़ा स्कोर नहीं बना पाए। मेयर 28 और कप्तान सिकंदर रज़ा 27 ने कुछ देर हाथ खोलकर खेला, लेकिन दोनों के आउट होने के बाद टीम की उम्मीद भी ख़त्म हो गई। आख़िरी में ब्रैड इवान्स ने 2 छक्के और 5 चौके लगाकर 21 गेंदों में 43 रन बनाए। वेस्टइंडीज ने यह मुक़ाबला 107 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया है।
वेस्टइंडीज की स्पिन गेंदबाजी ज़बरदस्त रही, जहां अकील होसीन ने 3 विकेट लिए, वहीं गुडकेश मोती ने 4 विकेट चटकाए। मैथ्यू फ़ोर्ड को 2 विकेट मिले। शिमरॉन हेटमायर को 85 रन की तुफ़ानी पारी के लिए मैन ऑफ़ द मैच चुना गया।
भारत की बढ़ती मुश्क़िलें
भारत अपना पहला मैच साउथ अफ्रीका से 76 रन से हार गया था। अब उस पर दबाव बढ़ गया है, क्योंकि उसे दोनों मैच तो जीतने ही होंगे, बल्कि रन रेट भी बेहतर करना होगा। ख़ैर वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के 2-2 अंक हो चुके हैं, वहीं भारत और ज़िम्बाब्वे को अपना खाता खोलना बाक़ी है।
दूसरे ग्रुप में इंग्लैड ने सुपर 8 का अभियान जीत से शुरू किया और श्रीलंका को हरा दिया, वहीं पाकिस्तान और न्यूज़ीलैंड का मैच बारिश से धुल गया था और दोनों को 1-1 अंक मिल गए थे। अब पाकिस्तान की अगली टक्कर इंग्लैंड से है और उसे हर हाल में यह मैच जीतना होगा।



