- 5 विकेट से जीता अहम मुक़ाबले को
- संजु सैमसन ने अकेले दम पर जीताया मैच
भारत के लिए करो या मरो का मुक़ाबला
भारत ने करो या मरो वाले इस मैच में बल्लेबाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए वेस्टइंडीज़ को हरा दिया है। भारत को सेमीफ़ाइनल का टिकट पाने के लिए यह मैच किसी भी हालत में जीतना था। गेंदबाजी उतनी शानदार नहीं रही, लेकिन बल्लेबाजी में संजु सैमसन ख़ूब चमके और अंत तक जमें रहे।
वेस्टइंडीज के बल्लेबाज जमकर बरसे
कोलकाता के ईडन गार्डन में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फ़ैसला लिया, लेकिन वेस्टइंडीज ने संभल कर शुरुआत की और कप्तान शे होप व रॉस्टन चेज़ ने पहले विकेट के लिए 68 रन जोड़े। शे होप (32) के आउट होने के बाद हेटमायर (27) ने कुछ शॉट लगाए, लेकिन वो बुमराह का शिकार हुए। इसी ओवर में बुमराह ने रॉस्टन चेज़ (40) को भी पवेलियन का रास्ता दिखा दिया और वेस्टइंडीज दबाव में आ गया।
इसके बाद रदरफ़ोर्ड को पांड्या ने चलता किया। इसके बाद लगा, कि भारत अब वेस्टइंडीज को ज़्यादा स्कोर नहीं बनाने देगी, लेकिन रोमैन पॉवेल व होल्डर ने ख़तरपाक बल्लेबाजी करते हुए सभी गेंदबाजों के छक्के छुड़ा दिए। होल्डर ने 22 गेंदों में 37 और पॉवेल ने 19 गेंदों में 34 रन की पारी खेलकर वेस्टइंडीज का स्कोर 20 ओवर 4 विकेट पर 195 पहुंचा दिया।

गेंदबाजी में लगभग सभी बल्लेबाजों की धुलाई हुई। बुमराह ने कुछ ठीक गेंदबाजी की और 2 विकेट लिए। इसके अलावा वरुण को 1 और पांड्या को 1 विकेट मिला। भारत 20 ओवर में सिर्फ़ 4 विकेट ही निकाल पाया।
संजु सैमसन का चलता रहा बल्ला
करो या मरो वाले मुक़ाबले में 196 रन का पीछा करना आसान नहीं होता, लेकिन इरादे मजबूत हों, तो हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शुरुआत तो अक्ष्छी करनी चाही, लेकिन अभिषेक शर्मा (10) और इशान किशन (10) जल्दी ही पवेलियन लौट गए। इसके बाद आए कप्तान सूर्यकुमार यादव (18) ने सलामी बल्लेबाज संजु सैमसन के साथ मिलकर पारी को संभाला और 58 रन की साझेदारी की। कप्तान के आउट होने के बाद तिलक वर्मा (27) ने सैमसन का साथ देते हुए 42 रन की साझेदारी की। हार्दिक पांड्या (17) ने भी हाथ खोले और सैमसन के साथ 38 रन की साझेदारी की।
संजु सैमसन ने एक छोर ना सिर्फ़ संभाला बल्कि चौके-छक्के लगाते रहे और टीम के लिए अंत तक नाबाद रहे। आख़िरी ओवर में 7 रन बनाने थे। पहली ही गेंद पर छक्का लगाने के बाद सैमसन ने भारत का सेमीफ़ाइनल टिकट बुक कर दिया। सैमसन ने 12 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 50 गेंदों में शानदार 97 रन बनाए और भारत को 5 विकेट से जीता दिया। शिवम दुबे ने भी आख़िर में आकर कुछ हाथ घुमाए।

वेस्टइंडीज की गेंदबाजी में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। होल्डर और जोसफ़ को 2-2 विकेट मिले, वहीं अकील होसीन को 1 विकेट मिला। संजु सैमसन को 97 रन की पारी के लिए मैन ऑफ़ द मैच चुना गया।
सेमीफ़ाइनल की लिस्ट हुई पूरी
इस तरह से सेमीफ़ाइनल की लिस्ट अब पूरी हो गई है। सेमीफ़ाइनल में दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूज़ीलैंड और भारत पहुंच गए हैं। ईडन गार्डन में सेमीफ़ाइनल 1 में दक्षिण अफ्रीका का मुक़ाबला न्यूज़ीलैंड से होगा, वहीं मुंबई में सेमीफ़ाइनल भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा। सेमीफ़ाइनल का मुक़ाबला दिलचस्प होने वाला है।


