- 76 रन से हारा भारत
- मिलर ने बनाए शानदार 63 रन
अहमदाबाद में भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका के बीच हुए सुपर 8 मुक़ाबले में दक्षिण अफ्रीका ने ज़बरदस्त खेल का प्रदर्शन करते हुए भारत को 76 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया है और भारत जैसी टीम के लिए इतने बड़े अंतर से हारना कोई छोटी बात नहीं। इस हार से भारत पर अब अगले दोनों मैच जीतने का दबाव बढ़ गया है।
100 का आंकड़े तक पहुंचना हुआ मुश्क़िल
आज भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका के बीच जब सुपर 8 का मुक़ाबला शुरू हुआ, तो किसी ने सोचा नहीं था, कि भारत इस मैच में साउथ अफ्रीका को टक्कर तक नहीं दे पाएगी और भारत की मजबूत बल्लेबाजी अफ्रीकी गेंदबाजों के सामने रन बनाने के लिए तरस जाएगी, लेकिन ठीक ऐसा ही हुआ। एक समय ऐसा भी आया जब लगा, कि भारत 100 का आंकड़ा भी नहीं छू पाएगी।

दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत ख़राब, लेकिन अंत बेहतर
सुपर 8 में जहां हर मैच अहम है, वहां टॉस जीतकर दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी का फ़ैसला लिया और फ़ैसला ग़लत लगने लगा जब दक्षिण अफ्रीका के 20 रन पर ही 3 विकेट गिर गए और उसके प्रमुख बल्लेबाज मार्करम, डि कॉक और रिकेलटन तीनों पवेलियन लौट गए। यहां तक लगा, कि भारत आसानी से दक्षिण अफ्रीका को धराशायी कर देगा, लेकिन क्रीज़ पर आए मिलर और ब्रेविस एक अलग आत्मविश्वास में दिखे। दोनों ने मिलकर 50 गेंदों में 97 रन की विजयी साझेदारी कर अपनी टीम को मैच में वापसी कराई। ब्रेविस ने आउट होने से पहले 29 गेंदों में 45 रन की पारी खेली, वहीं मिलर ने तो ताबड़तोड़ 35 गेंदों में 63 रन बनाए। स्ट्ब्स ने भी 24 गेंदों में 44 रन की अहम पारी खेलकर दक्षिण अफ्रीका के स्कोर को 7 विकेट पर 187 तक पहुंचा दिया।

भारत की गेंदबाजी शुरू में अच्छी मगर अंत ख़राब
भारत की गेंदबाजी शुरू में तो ठीक लगी और बुमराह व अर्शदीप ने आते ही तीन विकेट चटकाए, लेकिन इसके बाद गेंदबाजी बहुत अच्छी नहीं रही और टीम विकेट निकालने के लिए तरस गई। भारतीय गेंदबाजी के सबसे अहम कड़ी माने जाने वाले वरुण चक्रवर्ती को मिलर और ब्रेविस ने अपनी लय नहीं पकड़ने दी और उन्होंने 4 ओवर में 47 रन देकर 1 विकेट लिया। बुमराह ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 15 रन देकर 3 विकेट लिए और भारत की ओर से सफ़ल गेंदबाज रहे। इसके अलावा अर्शदीप ने 2 और दुबे ने 1 विकेट लिया।

दम नहीं दिखा भारत की बल्लेबाजी में
188 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने पहले ही ओवर में किशन के रूप में अपना सबसे बड़ा विकेट खो दिया, वो बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद तिलक वर्मा भी ज़्यादा देर खड़े नहीं हो पाए और 1 रन बनाकर आउट हो गए। अभिषेक शर्मा इस विश्व कप में अपने फ़ॉर्म को लेकर जूझ रहे हैं और वो इस मैच में खाता खोलने में तो कामयाब रहे, लेकिन 15 रन पर चलते बने। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कुछ देर टीम को संभाला, लेकिन 18 रन पर वो भी बॉस्च का शिकार हो गए। इसके अलावा सुंदर और पांड्या भी सस्ते में आउट हो गए। दुबे अंत तक खड़े रहे मगर वो महज औपचारिकता निभा रहे थे और 42 रन पर आउट हुए। भारत की पूरी टीम 18.5 ओवर में 111 रन पर सिमट गई।
गेंदबाजी साउथ अफ्रीका रही अव्वल
साउथ अफ्रीका गेंदबाजी ज़बरदस्त रही और भारत की मजबूत बल्लेबाजी को रनों के लिए तरसा कर रखा। मार्को यान्सेन ने सबसे ज़्यादा 22 रन देकर 4 विकेट चटकाए, वहीं बॉस्च ने भी अच्छी गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में 12 रन देकर 3 विकेट लिए। केशव महाराज ने भी 3 विकेट लिए और वो 3 विकेट उनको एक ही ओवर में मिल गए थे। मिलर को बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए मैन आफ़ दी मैच चुना गया।
क्रिकेट के मैदान में सुंदर पिचाई
इस मैच में गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई भी शामिल हुए। सुंदर पिचाई ने आईसीसी ट्राफी को भारत के पूर्व महान क्रिकेट खिलाड़ी सुनिल गावस्कर के साथ मैदान में ले गए और उन्हें कॉमेंट्री करते भी देखा गया। बता दें, कि गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने हाल ही में एआई समिट के हिस्सा थे।



