- न्यूज़ीलैंड से जीतने के बाद दक्षिण अफ्रीका सुपर 8 में
- एडन मार्करम की तेज बल्लेबाजी ने मुक़ाबला बनाया एकतरफ़ा
तेज़ शुरुआत के बाद न्यूज़ीलैंड फ़िसला
अहमदाबाद में खेले गए ICC T20 मुक़ाबले में दक्षिण अफ्रीका ने न्यूज़ीलैंड को मात दे दी है। टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी न्यूज़ीलैंड ने शुरुआत तो काफ़ी तेज की थी और उसने 6 औवर और 4 गेंदों में 64 रन बना लिए थे, लेकिन इस स्कोर पर उसके 4 विकेट भी गिर गए थे, जिससे न्यूज़ीलैंड पर दबाव बना रहा। उसके बाद मार्क चैपमैन और डैरिल मिचेल के बीच 44 गेंदों में 74 रन की साझेदारी हुई, तो लगा न्यूज़ीलैंड 200 का आंकड़ा छू लेगी, लेकिन चैपमैन और मिचेल के विकेट लगातार अंतराल पर गिरने से न्यूज़ीलैंड फिर से दबाव महसूस करने लगी और दोबारा वापसी नहीं कर सकी। नीशम ने ज़रूर हाथ चलाए, लेकिन स्कोर अनुमान के मुताबिक़ नहीं बन पाया।
मार्क चैपमैन की अच्छी बल्लेबाजी, यान्सेन के 4 विकेट
मार्क चैपमैन ने सबसे ज़्यादा 26 गेंदों में 6 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 48 रन बनाए, वहीं मिचेल ने 24 गेंदों में 32 रन बनाए। फ़िन ऐलेन 31 और नीशम ने 23 रन की पारी खेली। न्यूज़ीलैंड ने अपने 20 ओवरों में 7 विकेट पर 175 रन बनाए। मार्को यान्सेन ने ज़बरदस्त गेंदबाजी करते हुए 4 ओवरों में 40 रन देकर 4 विकेट चटकाए। लुंगी एनगिडी, बॉस्च और महाराज को 1-1 विकेट मिले।

अफ़गानिस्तान मैच से उभरा दक्षिण अफ्रीका, मार्करम की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी
पिछले मैच में अफ़गानिस्तान ने दक्षिण अफ्रीका को लगभग हरा ही दिया था, लेकिन दक्षिण अफ्रीका की क़िस्मत अच्छी थी, कि वो बच गई। वहीं दक्षिण अफ्रीका 176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो अलग ही मूड में दिखाई दी। मार्करम आते ही ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करने लगे और देखते ही देखते पहले विकेट की साझेदारी 4.4 गेंदों में 62 रन हो गई। मार्करम का शॉट लगाना जारी रहा और 8 ओवर के अंदर ही दक्षिण अफ्रीका के 100 रन पूरे हो गए। अब यहां से मैच में वापसी करना न्यूज़ीलैंड के लिए बहुत मुश्क़िल था। मार्करम आख़िर तक जमें रहे और अपनी टीम को 7 विकेट से आसान जीत दिला दी।

न्यूज़ीलैंड की गेंदबाजी में नहीं दिखा दम
दक्षिण अफ्रीकी कप्तान ने नाबाद 44 गेंदों में 8 चौके और 4 छक्कों की मदद से 86 रन बनाए। इनका साथ दिया डी कॉक (20), रिकेलटन (21), ब्रेविस (21) और 24 पर नाबाद रहे मिलर ने। न्यूज़ीलैंड की गेंदबाजी में दम नहीं दिखा। जेकब डफ़ी को सबसे ज़्यादा मार पड़ी। फ़र्गुसन ने कुछ हद तक गेंदबाजी ठीक की और 1 विकेट लिया। इसके अलावा जिम्मी नीशम और रचिन रविंद्र को 1-1 विकेट मिले। मार्को यान्सेन को गेंदबाजी में 4 विकेट लेने के लिए मैन आफ़ द मैच चुना गया।
15 फ़रवरी को ICC T20 का सबसे बड़ा भारत-पाकिस्तान महामुक़ाबला देखने को मिलेगा। यह मैच कोलंबों में खेला जाएगा। पूरी दुनिया की नज़रे इस मैच पर टीकी हैं।
यह भी पढें:
ICC T20 वर्ल्ड कप 2026: वाह ज़िम्बाब्वे कमाल कर दिया!
राजपाल यादव: ये फ़िल्मी दुनिया है, जैसी दिखती है, वैसी है नहीं



