- तीन दिन लगातार बरसा पानी
- प्रदेश में बाढ़ की आशंंका बढ़ी
उत्तर प्रदेश में पिछले तीन दिन मूसलाधार वर्षा के नाम रहा, जिससे जीवन की रफ़्तार धीमी और अस्त-व्यस्त हो गई। लखनऊ समेत कई ज़िलों में सड़कें जलमग्न हैं, घरों व दुकानों में भी पानी घुस गया है। यही नहीं उत्तर प्रदेश के कई ज़िलों में पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं। कई जगहों पर रेलवे ट्रैक पर भी पेड़ गिरने से ट्रेनों का संचालन बाधित रहा। तस्वीरों में बारिश के बाद हुए हालातों को साफ़ देखा सकता है।
बारिश के कहर से 10 लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, कन्नौज, बरेली, लखनऊ, मुरादाबाद, बलरामपुर, कानपुर और सीतापुर समेत कई ज़िलों में लगातार रिकॉर्डतोड़ बारिश हुई। यूपी के 63 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। आंधी और आकाशीय बिजली की घटनाओं में प्रदेश में अब तक 10 लोगों की मौत और 17 लोगों के घायल होने की जानकारी है। इस मुसलाधार वर्षा से बाढ़ की आशंंका बढ़ गई है।
अभी भी बारिश की चेतावनी
यूपी में आज भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। 8 ज़िलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट है, जिसमें श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर, सीतापुर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर शामिल हैं। साथ ही लखनऊ, बस्ती, गोंडा, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा हरदोई, बाराबंकी, बिजनौर में भी चेतावनी दी गई है। कई ज़िलों में अचानक बाढ़ की आशंका भी जताई गई है। खराब मौसम में बाहर न निकलने की अपील की गई है।




