- सभी खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए जा रहे थे
- बस में सवार सभी आपस में रिश्तेदार थे
राजस्थान के कोटा में बड़ा हाउसा हुआ है, जहां दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह एक मिनी बस अनियंत्रित होकर पुलिया से क़रीब 15 फीट नीचे नाले में गिर गई। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, वहीं 17 लोग घायल हो गए। बस में क़रीब 25 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है, कि सभी लोग मध्य प्रदेश के बैतूल के रहने वाले थे। बस में सवार सभी यात्री आपस में रिश्तेदार थे और खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए शुक्रवार शाम 7 बजे भोपाल से रवाना हुए थे। कोटा से क़रीब 35 किलोमीटर दूर यह बड़ा हादसा हो गया। पुलिस को शक है, कि चालक को झपकी आने से बस अनियंत्रित हुई होगी।।
यह भी पढ़ें: नोएडा बस हादसा: यमुना एक्सप्रेस-वे पर धू-धू कर जली स्लीपर बस, 9 यात्रियों की मौत; 35 थे सवार
मृतकों की पहचान हो गई है
SHO नंद सिंह ने कहा, कि बस भोपाल से खाटूश्यामजी जा रही थी। इस दौरान बस कराड़िया टोल से कुछ किमी दूर पुलिया से 15 फीट नीचे गिर गई। हादसे में 17 यात्रियों घायल हुए हैं। कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ नीलेश जैन के अनुसार सभी मृतकों और घायलों की पहचान हो गई है। इस हादसे में अरुणा, वैष्णवी, त्रिशा, कृष्णा, अनिता, ओम सूर्यवंशी, राजू के अलावा बस ड्राइवर की मौत हो गई है।
शीशा तोड़कर घायलों को बाहर निकाला
कोटा ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया, कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे। बस में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए क्रेन की सहायता ली गई। इस दुर्घटना में कई घायल सीटों के बीच फंसे हुए थे, जिन्हें आसपास के लोगों ने बस के शीशे तोड़कर बाहर निकाला। आगे बैठे यात्रियों को ज्यादा चोटें आईं हैं, क्योंकि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
यह भी पढ़ें: मिर्ज़ापुर में भीषण सड़क हादसा: रूह कंपा देगी 11 लोगों की दर्दनाक मौत
जुटाई जा रही है जानकारी
जिला कलेक्टर पीयूष सामरिया ने 8 लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने कहा, कि बस में बैठे लोगों के आपसी संबंधों की जानकारी जुटाई जा रही है। सभी खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए जा रहे थे। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। राहत और बचाव कार्य के लिए आठ लेन एम्बुलेंस सेवा के साथ दीगोद और सुल्तानपुर क्षेत्र की 108 एम्बुलेंस भी मौक़े पर भेजी गईं। पुलिस और प्रशासन की टीमें स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।




