- एक कैच छोड़ने की वजह से हारा नीदरलैंड
- रोमारियो शैफ़र्ड की शानदार हैट्रिक
- सूर्यकुमार यादव ने खेली शानदार पारी
ICC T20 विश्वकप 2026 की शुरुआत काफ़ी शानदार रही। पहले तीनों मैच रोमांचक रहे। मैच को देखकर कहा नहीं जा सकता था, कि सामने वाली टीम कमजोर है। पहले दिन तीन मैच खेले गए, जिसमें पहला मैच पाकिस्तान बनाम नीदरलैंड, दूसरा वेस्ट इंडीज़ बनाम स्कॉटलैंड और तीसरा मैच भारत और यूएसए के बीच खेला गया।

पाकिस्तान बनाम नीदरलैंड
पहले मैच कोलंबो में खेला गया, जहां पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फ़ैसला लिया। नीदरलैंड की बल्लेबाजी शुरू से लड़खड़ाई हुई नज़र आई, लेकिन बास डी लीडे के 30 और कप्तान एड्वर्ड्स के 37 रन की मदद से नीदरलैंड 147 तक पहुंचकर सीमट गई। सलमान मिर्ज़ा को सबसे ज़्यादा तीन विकेट मिले।
पाकिस्तान की शुरुआत काफ़ी शानदार रही और महज 11 ओवर में 2 विकेट खोकर 98 रन बना लिए थे और जीत बहत ज़्यादा दूर नहीं थी, लेकिन उसके बाद शुरू हुआ रोमांच 98 रन के स्कोर पर पाकिस्तान का तीसरा विकेट गिरा और 100 तक जाते ही उनके पांच विकेट गिर गए। अब पाकिस्तान पर प्रेशर काफ़ी बढ़ गया था और 16 ओवर में 114 पर 7 विकेट गिर गए। नीदरलैंड ने इस मैच में अपनी पकड़ बना ली और 18 ओवर तक लगा, कि अब पाकिस्तान यहां से नहीं जीत पाएगा। ऐसे में 12 गेंदों में 27 रन बनाने थे और स्ट्राइक पर थे फ़हीम अशरफ़। फ़हीम ने इस ओवर में तीन छक्के और एक चौका जड़ दिया, लेकिन इसी ओवर में ओ-डाउड ने फ़हीम का कैच छोड़ दिया और वही कैच नीदरलैंड से मैच छीन ले गया, अगर वो कैच हाथ में आ जाता, तो पाकिस्तान का हारना तय था। नीदरलैंड की तरफ़ से आर्यन दत्त और मीकेरेन ने ज़बरदस्त गेंदबाजी की और पाकिस्तान को झुकने पर मजबूर किया। पाकिस्तान ने इस मैच को 3 विकेट से जीत लिया और फ़हीम अशरफ़ की शानदार बल्लेबाजी के लिए उन्हें मैन ऑफ़ द मैच चुना गया।

वेस्ट इंडीज बनाम स्कॉटलैंड
दूसरे मैच में स्कॉटलैंड ने टॉस जीतकर वेस्ट इंडीज़ को बल्लेबाजी के लिए निमंत्रण दिया। वेस्ट इंडीज़ की बैटिंग शुरू से ही अच्छी रही और हेटमायर की ज़बरदस्त 36 गेंदों में 64 रन की पारी ने वेस्ट इंडीज का स्कोर 20 ओवर में 182 पहुंचा दिया। स्कॉटलैंट के गेंदबाज ब्रैड करी को सबसे ज़्यादा 2 विकेट मिले।
लक्ष्य का पीछे करने उतरी स्कॉटलैंड की शुरूआत अच्छी नहीं रही और उसके 37 रन पर ही 3 विकेट गिर गए। उसके बाद टॉम ब्रूस और बेरिंगटन के बीच शानदार 78 रन की साझेदारी हुई, जिससे स्कॉटलैंड मैच में बना रहा। उसके बाद 16वें ओवर में गेंदबाजी करने आए रोमारियो शैफ़र्ड ने हैट्रिक लेकर वेस्ट इंडीज की जीत पक्की कर दी और 35 रन से इस मैच को जीत लिया। शिमरॉन हेटमायर को इस मैच के लिए मैन ऑफ़ द मैच चुना गया।

भारत और यूएसए का हुआ तीसरा मैच
इस मैच में भी यूएसए ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फ़ैसला लिया। यूएसए का गेंदबाजी करने का फ़ैसला बिलकुल सही साबित हुआ और भारत के पहले 6 ओवरों में महज 46 रन पर 4 विकेट गिर गए। उसके बाद 77 के स्कोर तक पहुंचते-पहुंचते भारत ने 6 विकेट गवां दिए। उसके बाद अक्षर पटेल और कप्तान सूर्यकुमार यादव के बीच छोटी सी साझेदारी हुई और दोनों ने तेज़ी से खेलते हुए स्कोर को 118 तक पहुंचाया। उसके बाद बाक़ी बचा हुआ काम सूर्यकुमार ने किया और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए भारत के स्कोर को 20 ओवर में 161 तक पहुंचाया। अगर सूर्यकुमार ने शानदार 49 गेंदों में नाबाद 84 रन नहीं बनाए होते, तो भारत एक समय 100 के अंदर सिमटती नज़र आ रही थी।
162 रन का लक्ष्य पीछा करने उतरी यूएसए शुरू से दबाव में रही और भारत ने 29 रन से इस मैच को जीत लिया। यूएसए ने कोशीश की लेकिन भारतीय गेंदबाजी के आगे वो टिक नहीं सके। मोहम्मद सिराज ने सबसे ज़्यादा 3 विकेट और अर्शदीप ने 2 विकेट झटके।
यह भी पढ़ें:
फ़िल्मी दुनिया के ख़ामोश अंधेरे को बयां करता अरिजीत सिंह का सन्यास



