हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाक़ो में ताज़ा बर्फबारी हुई है, जिससे ठंड बढ़ गई है। चंबा ज़िले के साच पास में क़रीब दो से ढाई फीट तक बर्फ जम गई है। बर्फबारी के चलते साच पास मार्ग बंद हो गया है और दुर्गम पांगी घाटी का संपर्क ज़िला मुख्यालय चंबा से टूट गया है। स्थानीय लोगों का कहना है, कि इस बार ठंड ने समय से पहले ही दस्तक दे दी है।
अक्टूबर महीने में ही बर्फबारी शुरू होने से इस बार सर्दियों का मौसम लंबा होने का अनुमान जताया जा रहा है। लोगों का मानना है, कि जिस तरह अभी से ही कड़ाके की ठंड की शुरुआत हो गई है, उसे देखते हुए आगे आने वाले दिन कठिन हो सकते हैं। आम तौर पर इस तरह की बर्फ़बारी नवंंबर महीने की शुरुआत में देखने को मिलता है, लेकिन इस बार की परिस्थितियां अलग दिखाई पड़ रही हैं।
बर्फबारी के कारण वहां के लोगों की परेशानी बढ़ गई है। बर्फबारी के कारण रास्ता बंद होने से आवाजाही प्रभावित हुई है। यहां का आम जीवन पहले से ही चुनौतीपूर्ण रहता है और ऐसे मौसम में लोगों को कठिनाई हो सकती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है, कि सड़क खुलने तक साच पास की ओर ना जाएं। प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।




